कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर सपूतों को किया गया नमन
Valiant sons of the soil were paid tribute on the occasion of Kargil Vijay Diwas.

*कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर सपूतों को किया गया नमन*
*वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि; विधायक , डीएम और एसपी रहे उपस्थित*
जनपद मुख्यालय के ज्ञानसू में देश के वीर सपूतों के सम्मान में ‘शौर्य दिवस’ (कारगिल विजय दिवस) का भव्य आयोजन किया गया। यह दिवस कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक जीत और राष्ट्र के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों की शहादत को याद करने के लिए मनाया गया।
जिला मुख्यालय स्थित शौर्य स्थल ज्ञानसू में आयोजित मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों ने करगिल शहीद दिनेश चंद्र कुमांई के चित्र पर पुष्प चक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कुमाऊ रेजिमेंट, आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस तथा एनसीसी की टुकड़ियों ने शहीदों के सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया। समारोह में कारगिल राईफलमैन शहीद दिनेश चंद्र कुमांई की धर्मपत्नी वीरनारी अनीता देवी को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशप्रेम की प्रेरणा देता रहेगा तथा युवाओं को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। कारगिल युद्ध में हमारे वीर सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और विजय प्राप्त कर पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके त्याग से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने देश सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया है। ज्ञानसू में आयोजित इस ‘शौर्य दिवस’ समारोह ने क्षेत्रवासियों को एक साथ आकर देश के नायकों को याद करने और उनके बलिदानों को सलाम करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में एसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र, मेजर आर एस जमनाल(से.नि.), जिला सैनिक कल्याण अधिकारी संदीप नेगी, सीएमओ डॉ श्याम विजय, सूबेदार महावीर सिंह राणा, हरि सिंह कुमाऊ रेजिमेंट, एनसीसी सूबेदार राजकुमार, प्रेम सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।



