एसपी उत्तरकाशी ने धौंतरी पुलिस चौकी का किया निरीक्षण, स्थानीय नागरिकों से भी किया संवाद
Uttarkashi SP inspected the Dhauntri police outpost and also interacted with local residents.

*एसपी उत्तरकाशी द्वारा धौंतरी पुलिस चौकी का किया गया निरीक्षण, स्थानीय नागरिकों से संवाद कर जाना कानून-व्यवस्था का फीडबैक*
*नशा उन्मूलन, साइबर अपराध नियंत्रण एवं महिला सुरक्षा को लेकर जनसहभागिता बढ़ाने का किया आह्वान।*
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा कल 25 जुलाई, 2026 को उत्तरकाशी-टिहरी जनपद की सीमा पर स्थित पुलिस चौकी धौंतरी पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा क्षेत्र की शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।
🔹 पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा बताया गया कि पुलिस और जनता के मध्य आपसी विश्वास एवं समन्वय ही प्रभावी कानून-व्यवस्था की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से पुलिस-जन सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना से तत्काल पुलिस को अवगत कराने की अपील की।
🔹 उपस्थित नागरिकों को राज्य सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान एवं “नशामुक्त भारत अभियान” के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। अतः सभी नागरिक नशा उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में पुलिस का सहयोग करें तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें।
🔹 बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, फर्जी निवेश योजनाओं अथवा ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। साइबर ठगी का शिकार होने अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।
🔹 महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी से महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी प्रकार की उत्पीड़न अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाती है।
जन संवाद से पूर्व पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा पुलिस चौकी धौंतरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की समस्त व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्मिकों के कार्य निष्पादन की समीक्षा की। साथ ही पुलिस कार्मिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके कल्याण, मनोबल एवं कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती पुलिस चौकियां कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
इस अवसर पर *पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री दिलमोहन विष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी* उपस्थित रहे।



