
सहकारी बैंक अध्यक्ष पद पर शारदा राणा की निर्विरोध ताजपोशी, भाजपा में जश्न; चुनावी रण से पहले शक्ति प्रदर्शन
उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, उत्तरकाशी के अध्यक्ष पद पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती शारदा राणा निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। जीत की घोषणा होते ही भाजपा जिला मुख्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर अपनी ताकत और एकजुटता का संदेश दिया।
शारदा राणा के निर्विरोध निर्वाचन को भाजपा संगठन के लिए अहम राजनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। शारदा राणा भाजपा नेता सत्येंद्र राणा की धर्मपत्नी हैं। पार्टी संगठन में सत्येंद्र राणा की मजबूत पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनके परिवार से जुड़े चेहरे की सहकारी बैंक के शीर्ष पद पर ताजपोशी ने उत्तरकाशी की सियासत में चर्चाओं को भी हवा दे दी है।
विजय जुलूस के दौरान भाजपा विधायक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी के वरिष्ठ नेता शारदा राणा के साथ खड़े नजर आए। बधाई देने और तस्वीरें खिंचवाने का सिलसिला चलता रहा। समर्थकों ने जीत के जश्न के बीच पार्टी की एकजुटता का खुलकर प्रदर्शन किया।
खास बात यह है कि चुनाव से पहले सहकारी बैंक अध्यक्ष पद की यह जीत भाजपा के लिए उत्साह बढ़ाने वाली मानी जा रही है। पार्टी इसे संगठन की मजबूती और आपसी तालमेल के संदेश के तौर पर पेश कर रही है।
फिलहाल उत्तरकाशी में शारदा राणा की निर्विरोध जीत ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है और चुनावी माहौल गरमाने के संकेत भी साफ दिखाई देने लगे हैं।

