
*रामलीला मंच से गूंजा नशा उन्मूलन, साइबर अपराध एवं महिला-बाल सुरक्षा का संदेश*
*उत्तरकाशी पुलिस ने रामलीला में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों को किया जागरूक*
*पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय* के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा समाज में नशा उन्मूलन, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस की टीम द्वारा कल 17 अक्टूबर 2026 को उत्तरकाशी रामलीला मैदान में आयोजित आदर्श रामलीला के दौरान जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों को विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान *उपनिरीक्षक श्री जगत सिंह एवं उपनिरीक्षक श्रीमती निर्मल भट्ट* ने रामलीला मंच एवं पंडाल में उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
🔹 पुलिस ने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। आमजन से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर जनसहभागिता निभाने, युवाओं को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
🔹 साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव
उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, फिशिंग तथा संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क किया गया। ATM PIN, CVV, OTP एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के भी साथ साझा न करने तथा अनजान QR कोड, APK फाइल और संदिग्ध ऐप डाउनलोड/क्लिक करने से बचने की अपील की।
फर्जी अधिकारी बनकर डराने एवं कार्रवाई का भय दिखाने वाली कॉल के माध्यम से किए जाने वाले ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत किया गया। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।
🔹पुलिस टीम ने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनके अधिकारों तथा संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए सभी को सुरक्षा के प्रति सजग रहने की हिदायत दी। साथ ही, बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक यौन शोषण सामग्री को डाउनलोड या साझा न करने तथा ऐसी सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तरकाशी पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से समाज में सुरक्षा, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। पुलिस द्वारा जनहित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

