राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर बैठक
Meeting regarding successful implementation of National Manuscript Survey Campaign

*राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर ली बैठक*
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना तैयार करने, जनपद में उपलब्ध प्राचीन पाण्डुलिपियों के सर्वेक्षण, संरक्षण एवं अभिलेखीकरण की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भारत सरकार के *ज्ञान भारतम् मिशन* के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान का उद्देश्य जनपद में उपलब्ध प्राचीन पाण्डुलिपियों, तामपत्रों, ग्रंथों एवं अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों का चिन्हीकरण एवं डिजिटलीकरण कर देश की अमूल्य सांस्कृतिक एवं बौद्धिक धरोहर का संरक्षण करना है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं समिति के सदस्यों को समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को समयबद्ध एवं गंभीरता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के निजी एवं सरकारी पुस्तकालयों, संग्रहालयों, संस्कृत महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, मंदिरों, आश्रमों तथा निजी संग्राहकों के पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों का व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण कार्य *’GYAN BHARATAM APP’* के माध्यम से संपादित किया जाएगा तथा अभियान में शिक्षकों, शोधकर्ताओं, संस्कृत एवं प्राचीन भाषाओं के विशेषज्ञों सहित स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक प्राचीन पाण्डुलिपियों का चिन्हीकरण एवं संरक्षण किया जा सके।
बैठक में सचिव यमुनोत्री मंदिर समिति सुनील उनियाल, प्राचार्य पीजी कॉलेज पंकज पंत, प्रताप सिंह बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।



