राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन उत्तरकाशी में भव्य रैतिक परेड का आयोजन
Grand ceremonial parade organized at Police Lines, Uttarkashi, on National Unity Day

*राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन उत्तरकाशी में भव्य रैतिक परेड का आयोजन*
*पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/पीएसी उत्तराखण्ड, श्री सुनील कुमार मीणा ने ली परेड की सलामी, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर किया मार्गदर्शन*
*उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सहित 03 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित।*
राष्ट्रीय एकता दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी में *पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/पीएसी उत्तराखण्ड श्री सुनील कुमार मीणा की गरिमामय उपस्थिति में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस बल ने अनुशासन, एकजुटता एवं कर्तव्यनिष्ठा का शानदार परिचय दिया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।*
उनके द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विराट व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
रैतिक परेड के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा विशिष्ट एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय सहित जनपद के 03 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से अलंकृत कर सम्मानित किया गया।
*सम्मानित अधिकारी/कर्मचारी निम्नवत हैं—*
1. पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड)।
2. मुख्य आरक्षी श्रीमती बीना चौधरी – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर)।
3. आरक्षी श्री लायवर सिंह – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर)।
परेड के उपरान्त पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा पुलिस लाइन परिसर का पैदल भ्रमण कर पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं/कार्यलय क्वार्टर गार्ड, स्टोर, परिवहन शाखा, मनोरजन कक्ष, जिम, सीपीसी, कर्मचारी बैरक आदि का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, अनुशासन बनाए रखने एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
*स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश-*
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन उत्तरकाशी में मसीह दिलासा स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आकर्षक एवं प्रेरणादायक जनजागरूकता प्रस्तुति दी गई। छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट अभिनय एवं सामाजिक संदेश से प्रभावित होकर पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
रैतिक परेड एवं पुलिस सम्मेलन में *पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय, पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक श्री शिव कुमार, निरीक्षक श्री मनोज असवाल, निरीक्षक अभिसूचना श्री विकास नौटियाल, प्रभारी निरीक्षक धरासू श्री दर्शन प्रसाद काला, प्रभारी निरीक्षक मनेरी श्री दीपक नौटियाल, निरीक्षक यातायात श्री सुनील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली श्री दिलमोहन बिष्ट सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवारजन उपस्थित रहे।*
*राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनपदभर में हुए जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम*
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद की समस्त कोतवाली, थाना एवं पुलिस इकाइयों में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में कोतवाली बड़कोट पुलिस द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ *“रैली फॉर यूनिटी (Rally for Unity)”* का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को नशे, महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही इन सामाजिक बुराइयों एवं अपराधों के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने तथा उनकी रोकथाम में सक्रिय जनसहभागिता निभाने की अपील की गई। जनपद के अन्य कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में भी विभिन्न जनजागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए।



