जनसमस्याओं और विकास के मुद्दों पर कांग्रेस की बैठक, जनसुझावों को घोषणा-पत्र में शामिल करने का निर्णय
Congress meeting on public issues and development; decision to incorporate public suggestions into the manifesto.

भटवाड़ी की जनसमस्याओं और विकास के मुद्दों पर कांग्रेस की बैठक, जनसुझावों को घोषणा-पत्र में शामिल करने का निर्णय
भटवाड़ी। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा तैयार किए जा रहे चुनावी घोषणा-पत्र में आम जनता की वास्तविक समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को शामिल करने के उद्देश्य से आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी के अध्यक्ष श्री मनोजी पंवार जी ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंह रावत रहे।
बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, किसानों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया और भटवाड़ी ब्लॉक की प्रमुख समस्याओं एवं विकास की आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक रखा।
बैठक में पूर्व राज्य मंत्री श्री घनानंद नौटियाल जी, प्रदेश सचिव श्री मनीष राणा जी, श्री संजीव नौटियाल(पूर्व प्रधान भटवाड़ी )श्री जगमोहन सिंह राणा जी, श्री जगमोहन सिंह चौहान जी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व कनिष्ठ प्रमुख भटवाड़ी श्री विक्रम सिंह रावत जी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन उत्तराखंड के प्रदेश सचिव श्री मनोज मिनान जी, श्री सचेंद्र रावत जी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री केशव प्रसाद नौटियाल जी, वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश रतूड़ी जी, श्री राजेंद्र प्रसाद पैन्यूली श्री मनोज राही जी श्री पंकज रतूड़ी जी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि, पर्यटन, पेयजल, सिंचाई, संचार, आपदा प्रबंधन, पलायन, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे सामने रखे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का घोषणा-पत्र केवल राजनीतिक दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड की जनता की आवाज और उनके भविष्य का रोडमैप होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रही है और उन्हीं के सुझावों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा-पत्र तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि—
“हमारा प्रयास है कि कांग्रेस का घोषणा-पत्र बंद कमरों में बैठकर नहीं, बल्कि गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र की जनता से संवाद करके तैयार हो। भटवाड़ी के लोगों ने आज जो समस्याएं और सुझाव हमारे सामने रखे हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ घोषणा-पत्र में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस की सरकार बनने पर इन जनसमस्याओं के समाधान के लिए ठोस नीति और समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी द्वारा बैठक में प्राप्त सभी सुझावों एवं जनसमस्याओं को प्रस्ताव के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी को भेजा जाएगा। जिला स्तर से प्राप्त प्रस्तावों को प्रदेश कांग्रेस की घोषणा-पत्र समिति के समक्ष रखा जाएगा, ताकि भटवाड़ी और पूरे उत्तरकाशी जनपद की वास्तविक समस्याओं को आगामी कांग्रेस के चुनावी घोषणा-पत्र में उचित स्थान मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर घोषणा-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया में चेयरमैन खटीमा विधायक श्री भुवन कापड़ी जी तथा संयोजक डॉ. प्रेम बहुखंडी जी घोषणा-पत्र समिति द्वारा प्राप्त जनसुझावों पर विचार किया जाएगा।
श्री रावत ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प है—जनता से संवाद, जनता की भागीदारी और जनता के मुद्दों पर आधारित विकास। उन्होंने कहा कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों और यहां के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग एवं प्रभावी नीतियों की आवश्यकता है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी अध्यक्ष श्री मनोज पोवार जी ने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों को व्यवस्थित रूप से संकलित कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा और जिला कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन आगे भी भटवाड़ी क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक वर्ग के लोगों से संवाद कर उनके सुझावों को सामने लाने का अभियान जारी रखेगा।
बैठक में उपस्थित कांग्रेसजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के सामने केवल वादे नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं के समाधान का स्पष्ट रोडमैप होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी द्वारा जनभागीदारी से घोषणा-पत्र तैयार करने की पहल का सभी ने स्वागत किया।
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी का स्पष्ट संकल्प है कि भटवाड़ी सहित पूरे जनपद की जनता की आवाज को कांग्रेस के आगामी चुनावी घोषणा-पत्र में मजबूती से स्थान दिलाया जाएगा।


