
*सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश*
गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाये रखने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा करने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता और निर्मलता के लिए समिति के सदस्यों से भी सुझाव भी मांगे गए और उन्हें योजना में शामिल करने पर चर्चा की गयी। इस दौरान पिछली बैठक के कार्यवृत्त की समीक्षा करते हुए गंगोत्री धाम में शेष भवनों को सीवर सुविधा से जोड़ने, जोशियाड़ा के वार्ड संख्या 8 एवं 9 तथा गंगोरी क्षेत्र में सीवर निर्माण कार्य, हर्षिल, झाला एवं मुखवा में एसटीपी निर्माण के प्रस्तावों से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध एंटी-लिटरिंग संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने तथा धामों और पर्यटन स्थलों पर नियमित निगरानी रखने और सख्त कार्यवाही करने को कहा। जिलाधिकारी ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने, नदियों में गिरने वाले नालों की सफाई और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में घर-घर से कूड़ा संग्रहण नियमित रूप से सुनिश्चित करने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में सीडीओ जय भारत सिंह, डीडीओ वेद प्रकाश, ईई सिंचाई सचिन सिंहल, मानवेंद्र कफोला, ईओ शालिनी चित्रण, अनूप नौटियाल, लोकेंद्र बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।



