हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की होगी स्थापना, धामी कैबिनेट ने 13 प्रस्तावों को दी मंजूरी
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को ब्रीफिंग देते हुए कैबिनेट के फैसलों की जानकारी साझा की।
ऋषिकुल मैदान में स्थापित होगा प्राच्य शोध संस्थान
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। इस संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान और ज्योतिष सहित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किया जाएगा। इसके लिए समिति के गठन को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है। संस्थान की स्थापना से भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
केंद्र की विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का जताया आभार
कैबिनेट बैठक में केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को दी गई विकास योजनाओं के संबंध में भी अलग से प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ जनहित के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूचना महानिदेशक ने बताया कि बैठक में कुल 13 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है।


