हरिद्वार में धामी कैबिनेट के 13 प्रस्तावों को मंजूरी, गंगा पूजन कर पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का मनाया जश्न
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कैबिनेट बैठक में विकास योजनाओं से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच लेने के उद्देश्य से हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई है।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी ने हर की पौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धि के अवसर पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल, नवाचार और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीबों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक पहचान और आर्थिक सामर्थ्य में लगातार वृद्धि हुई है।
SIR को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों और उत्तराखंड में अलग-अलग वर्षों के दौरान मतदाताओं की संख्या में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए विपक्ष से सवाल किया कि जब मतदाता सूची का पुनरीक्षण पहले भी होता रहा है, तो अब इसका विरोध क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
जनकल्याण और विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार भी जनकल्याण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक को जनता से जुड़े निर्णयों को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने विकास और जनहित के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


