
*पवाणी अग्निकांड के पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रभावित परिवारों को मकान बनाने के लिए मिलेंगे पांच-पांच लाख रुपये*
*मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस, कहा- संकट की इस घड़ी में सरकार हर कदम पर पीड़ितों के साथ खड़ी है*
*प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा 6 माह का राशन : मुख्यमंत्री*
विकासखंड मोरी के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मिलने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी गंवा चुके प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। बुजुर्गों, माता-बहनों, युवाओं और बच्चों सहित गांव के प्रत्येक व्यक्ति को इस संकट से उबारना तथा प्रभावित परिवारों को फिर से सामान्य जनजीवन में लौटाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से क्षतिग्रस्त और पूरी तरह जल चुके आवासीय भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा प्रभावितों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को अपना मकान दोबारा बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को 6 माह का राशन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के किसान क्रेडिट कार्ड, पेयजल, सड़क और अन्य के मूलभूत समस्याओं लिए जिलाधिकारी से परीक्षण के बाद कार्यवाहीकरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के सामने रहने समस्या न आए, इसके लिए किराये की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना ने सभी को दुखी किया है। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित परिवारों को केवल तत्काल राहत ही नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए भी हरसंभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राहत, पुनर्वास और अन्य व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की स्थिति और आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रभावितों के लिए भोजन, आवास, राशन, जरूरी सामग्री और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुरोला विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों की समस्याओं और क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, मोरी विकासखंड के गांवों में पानी के भंडारण के लिए टैंकों की व्यवस्था करने, प्रभावित किसानों के ऋण माफ करने, पवाणी और ओसला के बीच हेलीपैड बनाने, गंगाड़ से सीमा-ओसला तक मोटर मार्ग निर्माण तथा मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग रखी। साथ ही पवाणी गांव को गोद लेकर उसके पुनर्वास एवं विकास के लिए विशेष प्रयास करने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य के नेतृत्व में जिला प्रशासन घटनास्थल पर लगातार मुस्तैद है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ ही उनके रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से राहत एवं पुनर्वास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद, ब्लाक प्रमुख रणदेव सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बचन सिंह पंवार, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा सतेंद्र सिंह राणा, भगतसिंह रावत, जयचन्द सिंह रावत, सुखदेव, उमराव सिंह चौहान, राजपाल सिंह रावत, प्रहलाद सिंह, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य,पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी उपस्थित रहे।



