जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने गंगोत्री फिजिकल एकेडमी पहुंचकर युवाओं से किया संवाद
District In-charge Minister Saurabh Bahuguna visited Gangotri Physical Academy and interacted with the youth.

*जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने गंगोत्री फिजिकल एकेडमी पहुंचकर युवाओं से किया संवाद*
*श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग*
*मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, प्रभारी मंत्री ने बढ़ाया उत्साह*
अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शुक्रवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा प्रातः तिलोथ स्थित गंगोत्री फिजिकल एकेडमी पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने एकेडमी में भारतीय सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवा अभ्यर्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं की तैयारियों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश सेवा का सपना लेकर कठिन परिश्रम कर रहे युवाओं का उत्साह और समर्पण प्रेरणादायी है। उन्होंने युवाओं के अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने एकेडमी के सभी युवाओं को उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान काशी विश्वनाथ से प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही जनपद के निरंतर विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की यह पावन धरती आध्यात्मिक और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है।
इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने *सेवा संकल्प अभियान* के अंतर्गत राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी में आयोजित *‘मेरे सपनों का भारत’* कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में ‘तब और अब’ विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रभारी मंत्री ने स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं एवं रंगोली का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों ने विकसित भारत के संकल्प तथा देश की 25 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों को लेकर प्रभारी मंत्री से प्रश्न पूछते हुए संवाद किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र –छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
प्रभारी मंत्री ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत के अपने सपने को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है आज मोबाइल, चिप, रक्षा उपकरण सहित अनेक उत्पादों का निर्माण देश में हो रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में भी भारत ने नई पहचान बनाई है और यूपीआई के माध्यम से देश में बड़े पैमाने पर डिजिटल लेन-देन हो रहा है। जन-धन खातों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। पर्यटन के क्षेत्र में केदारनाथ धाम के पुनरुद्धार एवं विकास, आदि कैलाश यात्रा तथा मुखवा से प्रधानमंत्री की शीतकालीन यात्रा जैसी पहलों से उत्तराखंड में पर्यटन को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि युवा सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और आत्मनिर्भर बनने की भावना ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, राजदीप परमार, महावीर नेगी, अतोल रावत, हरीश डंगवाल, प्रताप रावत, चंडी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, गंगोत्री फिजिकल एकेडमी चन्द्र मोहन पंवार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र और नागरिक उपस्थित रहे।


