उत्तराखंड

राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने ली बैठक, सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश

Chief Development Officer holds a meeting regarding preparations for State Foundation Day celebrations; issues instructions to ensure all arrangements are completed on time.

 

*राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने ली बैठक, सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश*

राज्य स्थापना दिवस समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आगामी 9 से 13 नवंबर तक जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली जाए।

तय कार्यक्रमानुसार 09 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूली छात्र–छात्राओं द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति तथा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। दिनांक 10 नवंबर को रामलीला मैदान में विभिन्न विभागों के स्टॉल, व्यावसायिक स्टॉल, फूड कोर्ट एवं गढ़ भोज के साथ लखपति दीदियों एवं उद्यमियों के अनुभव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूली छात्र–छात्राओं द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति आयोजित किए जाएंगे।

दिनांक 11 नवंबर को रामलीला मैदान में क्रेता-विक्रेता बैठक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं क्रेता-विक्रेता कार्यशाला, स्कूली छात्र–छात्राओं द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही जोशियाड़ा में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां आयोजित की जाएगी। दिनांक 12 नवंबर को जनपद के सभी विकासखंडों, नगर निकायों एवं ग्राम स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पशुपालन, कृषि, उद्यान, मत्स्य, डेरी, जड़ी–बूटी एवं अन्य विभागों की गोष्टी, एंटी ड्रग्स अभियान, चिन्यालीसौड़ में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां तथा विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 13 नवंबर को लोकगीत, रांसो-झुमेलो सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित ओपन फैशन शो, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन तथा पुरस्कार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों, महिला समूहों, विद्यालयों एवं युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के राज्य आंदोलनकारी सहित अन्य समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button