उत्तराखंड

दीपावली को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां

Uttarkashi Police on alert for Diwali; extensive preparations made for security and traffic management.

*दीपावली पर्व को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां।*

*बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई गई पुलिस की सतर्कता, पुलिस व फायर की टीमें चला रही नियमित चेकिंग अभियान।*

*व्यापारियों एवं आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील।*

आगामी दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। त्योहारी सीजन के दौरान आमजन एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बाजारों में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।

*पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय* द्वारा जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों, कोतवाली, थाना एवं फायर स्टेशन प्रभारियों को आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने के साथ ही नियमित पुलिस गश्त, ड्यूटी एवं चेकिंग की जा रही है। वहीं, पुलिस बैरियरों एवं विभिन्न चेकिंग नाकों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

त्योहारी सीजन के मद्देनजर जनपद के समस्त थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में स्थानीय व्यापार मंडलों, गणमान्य नागरिकों, सीएलजी सदस्यों एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर दीपावली पर्व को आपसी सहयोग, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की जा रही है।

इसके अतिरिक्त पुलिस एवं फायर की टीमों द्वारा बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा आतिशबाजी एवं पटाखों के दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। पटाखा दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा दुकानदारों को अपना सामान दुकान के भीतर ही व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक अतिक्रमण न हो और यातायात व्यवस्था बाधित न होने पाए। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रत्येक दुकान में पानी से भरे ड्रम, बाल्टी एवं अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने की हिदायते दी जा रही हैें।

*उत्तरकाशी पुलिस की आम जनमानस, व्यापारियों एवं कारोबारियों से अपील है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं खुशहाल बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। आतिशबाजी एवं पटाखों का क्रय-विक्रय केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर ही करें तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी नियमों एवं सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम रखें तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या अग्निशमन विभाग को दें। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय एवं सहयोग से दीपावली पर्व को हर्षोल्लास, शांति एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं।*

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button