सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने मासिक सम्मेलन में कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
SDRF Commandant Arpan Yaduvanshi reviewed operations and issued necessary directives during the monthly meeting.

*सेनानायक एसडीआरएफ श्री अर्पण यदुवंशी ने मासिक सम्मेलन में कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी की अध्यक्षता में मासिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य वाहिनी की विभिन्न शाखाओं एवं प्रदेशभर में स्थापित एसडीआरएफ पोस्टों के कार्यों की समीक्षा, आगामी दायित्वों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना तथा कार्मिकों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करना रहा।
सम्मेलन के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रदेशभर में स्थापित सभी एसडीआरएफ पोस्टों से सीधा संपर्क स्थापित किया गया। सेनानायक महोदय ने सभी पोस्ट प्रभारियों से वर्तमान परिचालन गतिविधियों, संसाधनों की उपलब्धता, मानसून के दृष्टिगत तैयारियों एवं ड्यूटी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही समस्त कार्मिकों की व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में गत माह आयोजित सम्मेलन में दिए गए निर्देशों एवं उनकी अनुपालन की समीक्षा की गई। विभिन्न शाखाओं द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यांकन करते हुए सेनानायक महोदय ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसडीआरएफ की परिचालन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की खरीद के संबंध में अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों से सुझाव आमंत्रित किए गए। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक उपकरणों एवं नई तकनीकों का समावेश आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
सम्मेलन में हाल ही में विभिन्न रेस्क्यू अभियानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों की सराहना की गई। विशेष रूप से आरक्षी प्रेम सिंह द्वारा रुद्रप्रयाग जनपद में तेज बहाव के बीच फंसी महिलाओं के सफल रेस्क्यू तथा कांवड़ यात्रा ड्यूटी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं त्वरित रेस्क्यू कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसडीआरएफ कार्मिकों की सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक एवं समर्पित कार्य एसडीआरएफ की पेशेवर दक्षता एवं सेवा भावना का परिचायक हैं।
सेनानायक महोदय ने वर्तमान मानसून सीजन, कांवड़ यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा एवं चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सभी पोस्टों को पूर्ण सतर्कता एवं उच्च स्तर की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी रेस्क्यू टीमें आवश्यक उपकरणों, संचार साधनों एवं संसाधनों के साथ चौबीसों घंटे तत्पर रहें।
बैठक के दौरान वाहिनी मुख्यालय में संचालित विभिन्न निर्माण एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। सेनानायक महोदय ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सम्मेलन के अंत में सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण, टीमवर्क एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए एसडीआरएफ उत्तराखण्ड भविष्य में भी प्रत्येक चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सदैव तैयार रहे।
सम्मेलन के दौरान सहायक सेनानायक श्री सुशील रावत, शिविरपाल श्री प्रमोद रावत, निरीक्षक संचार श्री राम गोपाल, निरीक्षक श्री कवींद्र सजवाण, सूबेदार मेजर श्री जयपाल राणा, उपनिरीक्षक श्री विजय रयाल सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।



