
*राजकीय इंटर कॉलेज डामटा में जागरूकता शिविर आयोजित*
*पुलिस ने छात्र-छात्राओं को नशा-उन्मूलन, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक।*
*पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय* के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जनपदभर में जागरूकता अभियान संचालित कर सुरक्षित समाज एवं नशामुक्त भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 19 नवम्बर 2026 को चौकी डामटा पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज डामटा में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को नशा-उन्मूलन, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में सहभागिता कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अपने आसपास के लोगों एवं परिचितों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके अतिरिक्त, स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आपातकालीन हेल्पलाइन 112 एवं उत्तराखण्ड पुलिस ऐप के गौरा शक्ति फीचर की उपयोगिता और उसके माध्यम से उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी दी गई।



