पुरोला में किसान ऋण मेले में 91 लाभार्थियों को मिले ₹1.14 करोड़ के ऋण, किसानों और युवाओं को मिला आर्थिक संबल
At the Kisan Rin Mela in Purola, 91 beneficiaries received loans totaling ₹1.14 crore, providing financial support to farmers and youth.

पुरोला में किसान ऋण मेले में 91 लाभार्थियों को मिले ₹1.14 करोड़ के ऋण, किसानों और युवाओं को मिला आर्थिक संबल
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकासखंड परिसर पुरोला में किसान ऋण मेला-2026 आयोजित किया गया। मेले में बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत 91 कृषकों एवं अन्य लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 14 लाख 18 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्रीमती निशिता शाह, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र राणा एवं जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा कि जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। बैंक ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं को प्राथमिकता दे रहा है।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही बैंक ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। किसान ऋण मेले में वितरित ऋण से क्षेत्र में कृषि, व्यवसाय एवं स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने किसानों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों से बैंक की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मेले में किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार करने वाले लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारे लाल हिमानी, खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान, बलदेव असवाल, बलदेव रावत, रामासिराई की अध्यक्ष सुनीता देवी, देवडुंगा सहकारी समिति के अध्यक्ष अमीन सिंह नेगी सहित विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बैंक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से बैंक की जनकल्याणकारी एवं ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला सहकारी बैंक की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



