
यमुनोत्री धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए होंगे बंद, 10 बजकर 28 मिनट पर होगी कपाट बंद होने की प्रक्रिया
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट आज सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के बीच मां यमुना के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान रहेगा।
कपाट बंद होने के साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खुशीमठ खरसाली के लिए रवाना होगी। यहां स्थित मां यमुना के मंदिर में अगले छह महीने तक श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, शीतकाल के दौरान यमुनोत्री क्षेत्र में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद मां यमुना की पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में संपन्न होती है। इस दौरान मां यमुना के दर्शन के लिए श्रद्धालु खरसाली पहुंचते हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर यमुनोत्री धाम में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कपाट बंद होने की धार्मिक परंपरा संपन्न होगी।
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हो जाएगा। अब श्रद्धालुओं को आगामी यात्रा सीजन में मां यमुना के कपाट दोबारा खुलने का इंतजार रहेगा।



