
खरसाली में बकाया भुगतान को लेकर रिजॉर्ट में तालाबंदी, मजदूरों-ठेकेदारों ने जताया विरोध

उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम के समीप खरसाली में बकाया भुगतान को लेकर मजदूरों, ठेकेदारों और निर्माण सामग्री विक्रेताओं ने विरोध जताया। खरसाली हेलीपैड के पास स्थित एक रिजॉर्ट के निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने रिजॉर्ट मालिक पर लाखों रुपये का भुगतान बकाया होने का आरोप लगाते हुए परिसर में तालाबंदी कर दी।

विरोध कर रहे मजदूरों और ठेकेदारों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मजदूरी, ठेके की रकम और निर्माण सामग्री से संबंधित भुगतान नहीं किया गया है। कई बार भुगतान की मांग किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने रिजॉर्ट में तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है। उन्होंने बकाया भुगतान दिलाने के साथ ही पूरे मामले की जांच किए जाने की मांग की है।
तालाबंदी के चलते रिजॉर्ट में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, इस मामले में रिजॉर्ट मालिक का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


