जिलाधिकारी ने दिए मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु नोटिस वितरण व सुनवाई के सख्त निर्देश
The District Magistrate issued strict instructions regarding the distribution of notices and the conduct of hearings for the purification of the voter list.

*जिलाधिकारी ने दिए मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु नोटिस वितरण व सुनवाई के सख्त निर्देश*
*एडीएम को अधिकारियों के प्रशिक्षण का सौंपा दायित्व*
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदाता सूची में विसंगतियों के सुधार हेतु नोटिस वितरण एवं सुनवाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (पुरोला, यमुनोत्री एवं गंगोत्री) के कुल 558 मतदेय स्थलों में चिन्हित 63717 विसंगतिपूर्ण एवं अनमैप्ड मतदाताओं के निस्तारण हेतु कार्ययोजना तैयार की गई है। इस प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए 2 ईआरओ तथा 30 एईआरओ की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी को ईआरओ और एईआरओ को नोटिस वितरण व सुनवाई की समीक्षा के संबंध में प्रभावी प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देशित किया गया कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थिति के अनुसार योजना बनाकर यथाशीघ्र नोटिस वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। नोटिस तामीली की प्रगति को BLO App पर तुरंत अपलोड किया जाएगा। नोटिस वितरण के दौरान मतदाताओं से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर सत्यापन रिपोर्ट ऐप पर दर्ज की जाएगी। पुरोला विधानसभा में सुनवाई 04 से 27 अगस्त, यमुनोत्री में 05 से 23 अगस्त तथा गंगोत्री में 06 से 31 अगस्त 2026 के मध्य संपन्न होगी। नागरिक मतदेय स्थलवार नोटिसों की अद्यतन स्थिति आधिकारिक पोर्टल ([https://election.uk.gov.in/SIR2026UKREPORT](https://election.uk.gov.in/SIR2026UKREPORT)) पर भी देख सकते हैं।
सुनवाई प्रक्रिया की सुगमता के लिए सभी एईआरओ को अपने यूजर लॉगिन की जांच करने, तकनीकी कार्मिक नियुक्त करने तथा बीएलओ व सुपरवाइजरों के साथ बेहतर समन्वय हेतु व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन अधिकारियों का लॉगिन आईडी आईडी प्रूफ के कारण नहीं बना है, वे तत्काल आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्ररूप-6 भरकर डाटा एंट्री ऑपरेटर को उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जाएं। बैठकों के माध्यम से राजनीतिक दलों और आम जनता को अवगत कराया जाए कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसी मतदाता का नाम काटना नहीं, बल्कि मतदाता सूची की विसंगतियों में सुधार कर उसे त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित सभी ईआरओ व एईआरओ वीसी के माध्यम से जुड़े।


