पूर्व विधायक मालचंद ने कृषि मंत्री को भेजा पत्र, प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा और विशेष आर्थिक सहायता देने की उठाई मांग
Former MLA Malchand sent a letter to the Agriculture Minister, demanded compensation for crop loss to the affected farmers and special financial assistance

नौगांव, पुरोला और मोरी में प्राकृतिक आपदा से बागवानी व कृषि फसलों को भारी नुकसान, किसानों को मुआवजा देने की मांग
पूर्व विधायक मालचंद ने कृषि मंत्री को भेजा पत्र, प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा और विशेष आर्थिक सहायता देने की उठाई मांग
जनपद उत्तरकाशी के नौगांव, पुरोला एवं मोरी विकासखंडों में प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम के चलते बागवानी एवं कृषि फसलों को हुए भारी नुकसान का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। पुरोला के पूर्व विधायक मालचंद ने प्रदेश के कृषि मंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों और बागवानों को अधिकतम मुआवजा एवं आर्थिक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
कृषि मंत्री को भेजे गए पत्र में पूर्व विधायक मालचंद ने कहा है कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम के कारण किसानों की बागवानी एवं कृषि फसलों को भारी क्षति पहुंची है। विशेष रूप से बागवानों ने पूरे वर्ष मेहनत कर जो फसल तैयार की थी, वह खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ गई। इससे क्षेत्र के किसानों और बागवानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने पत्र में कहा कि किसान और बागवान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी वर्षभर की मेहनत और आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हुआ है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों को सरकार की संवेदनशीलता और ठोस आर्थिक सहायता की बेहद आवश्यकता है।

पूर्व विधायक ने कृषि मंत्री से आग्रह किया है कि नौगांव, पुरोला एवं मोरी क्षेत्र के प्रभावित किसानों और बागवानों के फसल नुकसान का उचित आकलन कर उन्हें यथासंभव मुआवजा दिया जाए। साथ ही फसल बीमा की धनराशि और विशेष आर्थिक राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों एवं बागवानों को राहत मिल सके।
उन्होंने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित काश्तकारों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।



