सहकारिता विभाग उत्तरकाशी द्वारा चिन्यालीसौड़ में किसान ऋण मेला 2026 का भव्य आयोजन, कार्यक्रम में बैंक द्वारा ₹105.21 लाख के चेक किये गये वितरित
The Cooperative Department, Uttarkashi, successfully organized the grand 'Kisan Rin Mela 2026' in Chinyalisaur, during which bank loan cheques worth ₹105.21 lakh were distributed.

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लि०, उत्तरकाशी एवं सहकारिता विभाग उत्तरकाशी द्वारा आज दिनांक 18.11.2026 को चिन्यालीसौड़ में विकासखण्ड कार्यालय परिसर में श्रीमती शारदा राणा अध्यक्ष उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लि. के अध्यक्षता में किसान ऋण मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री रामसुन्दर नौटियाल, उपाध्यक्ष, भागीरथी विकास प्राधिकरण, उत्तराखण्ड सरकार, श्री केदार सिंह रावत पूर्व विधायक, श्री मनवीर सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी, भारतीय जनता पार्टी, श्री सत्येन्द्र राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष, श्री हरिमोहन सिंह, बैंक उपाध्यक्ष, श्रीमती पूनम रमोला, संचालक, श्री नितीश रमोला, संचालक एवं श्री राजेन्द्र गौड़, मण्डल अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
ऋण मेले का मुख्य उद्देश्य आमजन, किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार की दिशा में कार्य करने वाले व्यक्तियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरल एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा। साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गयी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। बैंक द्वारा ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऋण वितरण प्रणाली को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिये निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 111 कृषकों/लाभार्थियों को ₹105.21 लाख के चेक वितरित किये गये।
मुख्य अतिथि श्री रामसुन्दर नौटियाल, उपाध्यक्ष भागीरथी विकास प्राधिकरण, उत्तराखण्ड सरकार ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऋण मेले जैसे कार्यक्रम आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जिला सहायक निबन्धक, सचिव/महाप्रबन्धक एवं अन्य बैंक व विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अन्त में बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित कृषकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया तथा बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गयी।



