उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट
कुमाऊं और गढ़वाल में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं का दौर; 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
देहरादून, 5 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जनपदों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम निदेशक : डॉ सी. एस. तोमर
इन जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ेगी ठंड
मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश के ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में इसका असर निचले पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान पर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



