उत्तराखंड

ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने राजनीति में खींची जनसेवा की नई लकीर, एक साल का मानदेय किया दान

Block Pramukh Rajdeep Parmar sets a new benchmark for public service in politics; donates one year's honorarium.

 

उत्तरकाशी गंगोत्री विधानसभा की सियासत में डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने अपने एक फैसले से जनसेवा की राजनीति का बड़ा संदेश दिया है। एक साल के कार्यकाल में मिले अपने पूरे मानदेय के बराबर अपनी ओर से भी धनराशि जोड़कर, उन्होंने क्षेत्र की आठ गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 21-21 हजार रुपये के चेक सौंपे और राखी भी बांधी।
राजदीप परमार ने अपनी चार पट्टियों से जरूरतमंद परिवारों का चयन किया और ब्राह्मण, राजपूत तथा अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों की बेटियों को इस पहल में शामिल किया। उनका कहना है कि राजनीति उनके लिए सिर्फ पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुख में खड़े होने और समाज के कमजोर परिवारों का सहारा बनने का संकल्प है।
राजदीप परमार ने इस मौके पर सिर्फ वर्तमान कार्यकाल तक सीमित रहने के बजाय भविष्य का भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में उन्हें जिस भी पद पर जनता सेवा का मौका देगी, उस पद से मिलने वाले मानदेय को इसी तरह गरीब परिवारों और बेटियों के हित में समर्पित करने का प्रयास करेंगे।
वहीं, गंगोत्री विधानसभा से विधायक पद की दावेदारी कर रहे राजदीप परमार ने कहा कि यदि जनता उन्हें विधायक चुनती है तो विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन-भत्ते को भी जरूरतमंद बेटियों और गरीब परिवारों की मदद के लिए समर्पित करने की पहल करेंगे।
राजदीप परमार के इस फैसले को उनकी राजनीतिक तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे राजदीप ने मानदेय को निजी लाभ के बजाय गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में लगाने का फैसला लेकर “पद नहीं, सेवा पहले” का संदेश देने की कोशिश की है।
उनकी इस पहल का सबसे बड़ा संदेश यही है कि राजनीति में कमाई नहीं, कमाए हुए विश्वास को समाज को लौटाने की सोच भी हो सकती है।
अब निगाहें गंगोत्री विधानसभा की जनता पर हैं—क्या “मानदेय से कन्यादान” का यह मॉडल राजदीप परमार की सियासी पारी को नई पहचान देगा? इतना जरूर है कि युवा राजनीति के बीच उनका यह ऐलान उत्तराखंड ही नहीं, देशभर में जनसेवा की राजनीति का आकर्षक संदेश देने की क्षमता रखता है।

मोनिका

राजदीप ब्लॉक प्रमुख डुंडा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button