उत्तराखंड

जिले में 3 नवंबर से 9 नवंबर तक रजत जयंती समारोह का होगा आयोजन

Silver Jubilee celebrations will be organised in the district from November 3 to November 9.

 

आगामी 09 नवंबर को देवभूमि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। इस उपलक्ष्य पर जिले में 03 नवंबर से 09 नवंबर तक रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित कार्यक्रमो को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी अधिकारियों को तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने 03 नवंबर से 09 नवंबर तक चलने वाले रजत जयंती कार्यक्रम की रूपरेखा जारी करते हुए कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाया जाएगा।

03 नवंबर को कार्यक्रम की शुरुआत मांगल गीतों के साथ होगी। उत्तराखंड की सांस्कृतिक और भौगोलिक झलकियां के चलचित्र दिखाए जाएंगे। देवभूमि उत्तराखंड पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन से लेकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार हेतु विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही पुस्तक मेला, फूड फेस्टिवल और पोषण मेले का उद्घाटन किया जाएगा। वॉलीबॉल प्रतियोगिता से लेकर निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत निक्षय मित्र स्टॉल की स्थापना की जाएगी।

04 नवंबर को देवभूमि उत्तराखंड पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन किया जाएगा। पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विभाग की गोष्ठी व परिचर्चा से लेकर आयुष विभाग द्वारा योग प्रदर्शन किया जाएगा। बाल विकास विभाग द्वारा भ्रूण हत्या और बाल विवाह पर नुक्कड़ नाटक एवं सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहो हेतु RF/CIF/CIL बैंक लिंकेज कैंप का आयोजन तथा विभिन्न साहसिक खेलो का आयोजन किया जाएगा।

05 नवंबर को बाल विकास विभाग की गोष्ठी व परिचर्चा के साथ ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा मसीह दिलासा स्कूल के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न, यातायात जागरूकता एवं बच्चों के साथ होने वाले अपराधों पर गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन तथा पत्रकार गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम अलेथ में नवनिर्मित अमृत सरोवर का उद्घाटन तथा भजन व गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

06 नवंबर को समाज कल्याण, श्रम विभाग, प्रोबेशन एवं बाल संरक्षण विभाग की योजनाओं की गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन तथा शिक्षा विभाग द्वारा करियर काउंसिलिंग का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा उत्तराखंड स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर भाषण, वाद–विवाद, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन से लेकर निर्वाचन के अंतर्गत स्वीप कार्यक्रम तथा RBI ग्राम्य विकास के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों हेतु बिजनेस रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा।

07 नवंबर को देवभूमि उत्तराखंड पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन तथा उद्योग विभाग व उरेडा की गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा देहरादून व अन्य जनपदों से आमंत्रित विशेषज्ञों का निःशुल्क परामर्श कार्यक्रम के साथ ही साहित्यकारों का सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

08 नवंबर को देवभूमि उत्तराखंड पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन, पंचायतीराज विभाग/ग्राम्य विकास/आर.सेटी./ लीड बैंक की गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। आकांशी विकासखंड सम्मान कार्यक्रम, लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम, डिजास्टर एवं क्लाइमेट चेंज विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

09 नवंबर को मांगल गीतों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ और स्वागत गीत होंगे। उत्तराखंड की सांस्कृतिक और भौगोलिक झलकियां के चलचित्र दिखाए जाएंगे। राज्य आंदोलनकारियों का संबोधन, देवभूमि उत्तराखंड पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशिष्ट अतिथि का संबोधन, गंगा–यमुना छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया जाएगा। योजना दीदी पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान कार्यक्रम, धराली आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एन.जी.ओ. एवं कार्मिकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उत्कृष्ट विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा। विभिन्न विभागों की योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button